सोलन में पानी और कूड़े की समस्या पर नागरिक सभा सख्त, 15 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन

सोलन। नागरिक सभा सोलन ने शहर में पेयजल आपूर्ति और कूड़ा प्रबंधन की बदहाल व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है। सभा के संयोजक संजय ने मेयर को ज्ञापन सौंपकर दोनों समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो शहरवासियों को एकजुट कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संजय ने कहा कि सोलन शहर में पिछले पांच से छह महीनों से पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं है। लोगों को आठ से नौ दिनों के अंतराल पर पानी मिल रहा है, जिससे नौकरीपेशा लोगों, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।
उन्होंने शहर में सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। संजय के अनुसार, विभिन्न वार्डों में डस्टबिन के बाहर कूड़ा बिखरा रहता है और समय पर उसका उठान नहीं होता। इसके बावजूद कूड़े के बिलों और करों में बढ़ोतरी किए जाने से लोगों में रोष है। उन्होंने मांग की कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ कूड़े का नियमित उठान सुनिश्चित किया जाए।
नागरिक सभा के अनुसार, ज्ञापन मिलने पर मेयर ने अगले पांच से छह दिनों में व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है। हालांकि, सभा ने प्रशासन को समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए 15 दिनों का समय दिया है। संजय ने कहा कि निर्धारित अवधि में मांगें पूरी नहीं हुईं तो नागरिक सभा शहरवासियों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *