सोलन में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन सख्त, वेंडिंग जोन में बैठने की अपील

शहर में बढ़ते अतिक्रमण को हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। सड़कों और बाजारों के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम, राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग समेत संबंधित विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे हैं। एसडीएम नीरजा शर्मा ने लोगों और व्यापारियों से नियमों का पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
एसडीएम नीरजा शर्मा ने कहा कि शहर को व्यवस्थित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाए जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से की जा रही कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत है।
उन्होंने बताया कि अभी तक अतिक्रमण को लेकर प्रशासन के पास कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि किसी व्यक्ति को कार्रवाई को लेकर कोई जायज समस्या या शिकायत है तो वह प्रशासन के समक्ष अपनी बात रख सकता है। नियमानुसार उसकी समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, सड़क किनारे रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले वेंडर्स से भी निर्धारित स्थानों पर ही कारोबार करने की अपील की गई है। एसडीएम ने बताया कि नगर निगम की ओर से विशेष वेंडिंग जोन और वेंडर मार्केट तैयार किया गया है। वेंडर्स इन निर्धारित स्थानों पर अपना कारोबार कर सकते हैं और वहां उन्हें अनावश्यक परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे रेहड़ी-फड़ी लगाने से हाईवे एक्ट और रोड साइड कंट्रोल से जुड़े नियमों का उल्लंघन होता है। इससे पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी होती है और यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। प्रशासन ने लोगों से सार्वजनिक सुरक्षा और शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *