सोलन महाविद्यालय में एबीवीपी की तालाबंदी, फीस वृद्धि और छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की सोलन इकाई ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सोलन महाविद्यालय में तालाबंदी कर विरोध जताया। एबीवीपी के सोलन विभाग संयोजक बृजेश कंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से फीस में करीब 25 से 30 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जिसका विद्यार्थी परिषद विरोध कर रही है।
बृजेश कंवर ने कहा कि फीस वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर परिषद पहले ही सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के साथ धरना-प्रदर्शन कर चुकी है। इसके बावजूद कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। उन्होंने बताया कि एचपीयू परिसर में एबीवीपी कार्यकर्ता पिछले 15 दिनों से क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन अभी तक सरकार या विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उनसे बातचीत नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि संगठन की दूसरी प्रमुख मांग वर्ष 2013 से बंद छात्र संघ चुनावों को बहाल करना है। उनके अनुसार छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं उठाने के लिए प्रतिनिधित्व का अवसर मिलना चाहिए।
बृजेश कंवर ने कहा कि वर्तमान सरकार ने सत्ता में आने के बाद छात्र संघ चुनाव बहाल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन करीब तीन वर्ष बीतने के बाद भी चुनाव बहाल नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई नेता छात्र राजनीति से आगे बढ़कर महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे हैं।
एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि फीस वृद्धि वापस नहीं ली गई और छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं किए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल विरोध महाविद्यालय स्तर पर है, लेकिन मांगें नहीं मानी गईं तो विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *