सोलन : अर्की विधायक संजय अवस्थी का जयराम ठाकुर पर पलटवार, बस सेवा और सीएचसी धार को लेकर आरोपों का किया खंडन

सोलन। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के अर्की दौरे के दौरान दिए गए बयानों पर स्थानीय विधायक संजय अवस्थी ने पलटवार किया है। उन्होंने जयराम ठाकुर द्वारा क्षेत्र की बस सेवा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धार को लेकर लगाए गए आरोपों को तथ्यहीन बताते हुए उनका खंडन किया। अवस्थी ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को सार्वजनिक मंचों से बयान देते समय तथ्यों और राजनीतिक मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की में कम भीड़ देखकर जयराम ठाकुर ने अपना आपा खो दिया और मुद्दों पर बात करने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोध नीतियों और कार्यों का होना चाहिए, न कि किसी व्यक्ति पर टिप्पणी करने का।
विधायक ने स्पष्ट किया कि उनके गांव से चलने वाली बस सेवा बंद नहीं हुई है, बल्कि आज भी नियमित रूप से संचालित हो रही है। इसी तरह सीएचसी धार का दर्जा घटाकर पीएचसी किए जाने का आरोप भी गलत है। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य संस्थान आज भी सीएचसी के रूप में कार्य कर रहा है।
अवस्थी ने कहा कि वर्ष 2017 से 2022 तक भाजपा सरकार के कार्यकाल में सीएचसी धार की इमारत तो मौजूद थी, लेकिन संस्थान को शुरू करने के लिए आवश्यक पदों और बजट का प्रावधान नहीं किया गया। उनके अनुसार, भवन का निर्माण पूर्व कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत बजट से हुआ था। वर्तमान सरकार में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष मामला उठाने के बाद कैबिनेट के माध्यम से पद स्वीकृत करवाए गए। अब यहां डॉक्टर, नर्स और फार्मासिस्ट तैनात हैं और लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
विधायक ने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर को स्थानीय नेताओं ने गलत जानकारी दी, जिसे उन्होंने बिना जांचे सार्वजनिक मंच से प्रस्तुत कर दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में उठे मुद्दों पर जवाब देने के बजाय इस तरह की बयानबाजी उचित नहीं है। अवस्थी ने जयराम ठाकुर को भविष्य में तथ्यों के आधार पर संयमित भाषा में अपनी बात रखने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *