सोलन। अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने विधानसभा सदन में नियम 67 के तहत भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हुई चर्चा और विपक्ष के साथ हुए विवाद को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि चर्चा के दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र सिराज में एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) परियोजना के तहत निर्मित भवनों का उदाहरण दिया था। उनके अनुसार, चचोट और जंजैहली में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार की गई कई इमारतें आज भी बिना उपयोग के खड़ी हैं।
अवस्थी ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में इन भवनों के निर्माण पर जनता का पैसा खर्च किया गया, लेकिन इनके उपयोग को लेकर प्रभावी व्यवस्था नहीं बनाई गई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित होना चाहिए, ताकि प्रदेश के लोगों को उनका वास्तविक लाभ मिल सके।
विधायक ने बताया कि सदन में उनके द्वारा सिराज क्षेत्र का उदाहरण दिए जाने के बाद जयराम ठाकुर ने उन्हें वहां से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। इस पर पलटवार करते हुए अवस्थी ने कहा कि जयराम ठाकुर छह बार के विधायक और प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं तथा उनका सम्मान करते हैं। यदि वे चुनावी चुनौती की बात कर रहे हैं तो वह भी अर्की विधानसभा क्षेत्र से अगला चुनाव लड़कर देख सकते हैं। इससे जनता के बीच दोनों नेताओं की लोकप्रियता का आकलन हो जाएगा।
संजय अवस्थी ने कहा कि केवल बयान देने या आरोप लगाने से किसी विषय की सच्चाई सामने नहीं आती, बल्कि तथ्यों के आधार पर बात रखनी चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक नेताओं से संयम और मर्यादा बनाए रखने की अपील की। अवस्थी ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राजनीतिक विरोध व्यक्तिगत टिप्पणियों के बजाय जनहित से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के हित और प्रदेश का विकास राजनीति की प्राथमिकता होनी चाहिए।
सोलन : संजय अवस्थी ने जयराम ठाकुर को दी अर्की से चुनाव लड़ने की चुनौती, सिराज में एडीबी परियोजनाओं पर उठाए सवाल