सोलन। जिला सोलन के कंडाघाट क्षेत्र में एक सड़क हादसे में कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फुट गहरी खाई की ओर लुढ़क गई। गनीमत रही कि कार नीचे एक मकान से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा होने से बचाव हो गया। दुर्घटना में कार चालक सहित दो लोगों के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार कार कंडाघाट क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क से बाहर निकलकर गहरी खाई की ओर लुढ़कने लगी। हादसे के दौरान कार एक मकान से जा टकराई और वहीं रुक गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की।
हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा है, जबकि चालक और उसके साथ सवार व्यक्ति घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तीखे मोड़ों पर सावधानी बरतने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।