सोलन। जिले में पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग की ओर से चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है। विभाग ने खुरपका-मुंहपका और लंपी स्किन रोग से बचाव के लिए जिले के हजारों पशुओं का टीकाकरण पूरा कर लिया है।
पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. अनीश कुमार ने बताया कि नेशनल लाइवस्टॉक मिशन के तहत संचालित लाइवस्टॉक हेल्थ एंड डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका (कुर्मू) रोग के टीकाकरण का सातवां राउंड पूरा हो चुका है। इस दौरान जिले में 15,250 पशुओं को टीके लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में बड़े पशुओं की कुल संख्या के आधार पर निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इस अभियान का आठवां राउंड अगले वर्ष आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पशुओं को लंपी स्किन डिजीज से सुरक्षित रखने के लिए भी विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। इसके तहत जिले में कुल 90,900 पशुओं को वैक्सीन लगाई गई है। इस टीकाकरण अभियान का कार्य भी पूरी तरह संपन्न हो चुका है। विभाग का उद्देश्य पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखना और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाना है।