सोलन। विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और उनमें व्यावसायिक कौशल विकसित करने के उद्देश्य से सोलन में ढींगरी (ऑयस्टर) मशरूम की खेती पर एक दिवसीय कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कार्यालय उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा (डीडीएसई), सोलन की ओर से आईसीएआर-मशरूम अनुसंधान निदेशालय, चंबाघाट में आयोजित किया गया।
27 नवंबर को आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न सरकारी पीएम श्री स्कूलों के व्यावसायिक प्रशिक्षकों (कृषि) और विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का आयोजन तीन अलग-अलग बैचों में किया गया, ताकि प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन की तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी जा सके।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कौशल विकास, अनुभवात्मक शिक्षा और पोषण स्थिरता को बढ़ावा देना रहा। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को ढींगरी मशरूम की खेती की वैज्ञानिक विधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसमें मशरूम उगाने के लिए आवश्यक सामग्री, उत्पादन की प्रक्रिया, उचित देखभाल, रखरखाव और फसल तैयार करने से जुड़ी तकनीकों के बारे में बताया गया।
इसके अलावा विद्यार्थियों को मशरूम के पोषण संबंधी महत्व और बाजार में इसकी मांग एवं व्यावसायिक संभावनाओं से भी अवगत करवाया गया। उन्हें बताया गया कि कम संसाधनों में भी मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार के रूप में अपनाया जा सकता है। इस प्रकार की व्यावहारिक जानकारी विद्यार्थियों को भविष्य में कृषि आधारित उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित कर सकती है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को समग्र शिक्षा, हिमाचल प्रदेश, शिमला की ओर से वित्तीय सहायता प्रदान की गई, जबकि आईसीएआर-मशरूम अनुसंधान निदेशालय, चंबाघाट ने तकनीकी सहयोग दिया।
आयोजकों के अनुसार इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिलता है। साथ ही उनमें आत्मनिर्भरता, उद्यमशीलता और कृषि के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर तलाशने की क्षमता विकसित होती है।
सोलन में ढींगरी मशरूम की खेती का प्रशिक्षण, पीएम श्री स्कूलों के विद्यार्थियों को सिखाई वैज्ञानिक तकनीक