सोलन में एनएसयूआई ने मनाया संविधान दिवस, युवाओं से नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान

सोलन। संविधान दिवस के अवसर पर एनएसयूआई की ओर से सोलन परिसर में विशेष परिचर्चा एवं बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनएसयूआई सोलन परिसर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नवीन शर्मा और नौणी के पूर्व अध्यक्ष मदन हिमाचली (मदन राणा) विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के इतिहास, निर्माण और महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
एनएसयूआई अध्यक्ष नवीन शर्मा ने कहा कि 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के साथ बैठक आयोजित कर संविधान को अपनाए जाने और इसके महत्व पर चर्चा की गई।
वहीं, मदन हिमाचली ने कहा कि भारतीय संविधान का निर्माण देश के सभी नागरिकों के कल्याण और समान अधिकारों को ध्यान में रखकर किया गया है। संविधान बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है और युवाओं को एकजुट होकर देशहित में कार्य करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *