सोलन : कथेड़ और कंडाघाट अस्पताल जल्द होंगे जनता को समर्पित, भाजपा के आरोपों पर अमित ठाकुर का पलटवार

सोलन। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोलन के अध्यक्ष अमित ठाकुर ने स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल पर भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप की ओर से लगाए गए आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने भाजपा की बयानबाजी को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए आरोप लगाने वाले नेताओं को किसी भी मंच पर तथ्यों के साथ बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि सोलन विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए जा रहे हैं।
अमित ठाकुर ने कहा कि भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप स्वयं स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं, इसके बावजूद वह जमीनी हकीकत से अनजान हैं। उन्होंने कहा कि सोलन की जनता राजेश कश्यप को दो बार चुनाव में नकार चुकी है और अब उन्हें विकास कार्यों को लेकर भ्रामक बयानबाजी करने के बजाय तथ्यों के आधार पर बात करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल के नेतृत्व में सोलन के कथेड़ में बहुउद्देशीय अस्पताल और कंडाघाट में 50 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इन परियोजनाओं के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनता यह भी जानती है कि इन विकास कार्यों को रोकने के लिए किसने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
अस्पतालों के उद्घाटन को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकार केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए जल्दबाजी में उद्घाटन नहीं करती। दोनों अस्पतालों में आवश्यक मशीनरी, उपकरण और डॉक्टरों की समुचित व्यवस्था पूरी होने के बाद आगामी एक से दो महीने के भीतर इन्हें जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
अस्पतालों में दवाइयों की कमी के आरोपों पर अमित ठाकुर ने भाजपा नेताओं को उनके कार्यकाल की याद दिलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के दौरान स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार के मामले सामने आए थे, जिसके चलते तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा था। उन्होंने कर्नल धनीराम शांडिल को प्रदेश का ईमानदार मंत्री बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *