सोलन। शहर के व्यस्त हॉस्पिटल रोड पर वीरवार दोपहर एक सड़क हादसा पेश आया। सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग सड़क पर कई फीट तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार बुजुर्ग हॉस्पिटल रोड पर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से आ रहे एक वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। हादसे को देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत उनकी मदद के लिए आगे आए।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि हादसे में बुजुर्ग को गंभीर चोटें नहीं आई हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
गौरतलब है कि सोलन शहर में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। विशेषकर अस्पताल रोड जैसे व्यस्त मार्गों पर पैदल राहगीरों को सड़क पार करते समय काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से शहर के भीतर गति नियंत्रित रखने और पैदल चलने वालों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।