इंदिरा गांधी की जयंती पर शहरी कांग्रेस ने अर्पित किए श्रद्धासुमन, पुनीत शर्मा ने किया योगदान याद

सोलन। पूर्व प्रधानमंत्री एवं देश की पहली महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर सोलन में शहरी कांग्रेस की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शहरी कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में सोलन शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी का देश के प्रति योगदान और राष्ट्रहित में किए गए कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं, जिन्होंने अपने मजबूत नेतृत्व और दूरदर्शी फैसलों से भारतीय राजनीति और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुनीत शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल में वर्ष 1971 में पाकिस्तान के साथ युद्ध हुआ था। इस दौरान उन्होंने जिस दृढ़ता और साहस के साथ देश का नेतृत्व किया, वह भारतीय इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उनके नेतृत्व में देश ने कई चुनौतियों का सामना किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
उन्होंने कहा कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण इंदिरा गांधी के महत्वपूर्ण फैसलों में शामिल रहा। इस निर्णय से बैंकिंग सुविधाओं को आम जनता, किसानों और गरीब वर्ग तक पहुंचाने में मदद मिली। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन संघर्ष, साहस और देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है। राष्ट्र के लिए उनके योगदान और बलिदान को देशवासी हमेशा याद रखेंगे।
इस अवसर पर शहरी कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। BITE – पुनीत शर्मा अध्यक्ष शहरी कांग्रेस सोलन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *