सोलन। हिमाचल प्रदेश मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस बोरवालिया ने सोलन अस्पताल का दौरा कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं पर संतोष जताते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की। अस्पताल के मेडिकल सुपरीटेंडेंट (एमएस) डॉ. राकेश पवार ने दौरे की जानकारी साझा करते हुए बताया कि अध्यक्ष ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बताया।
डॉ. पवार के अनुसार, निरीक्षण के दौरान जस्टिस बोरवालिया ने अस्पताल के बुनियादी ढांचे और रखरखाव को और बेहतर बनाने के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और बिजली बोर्ड के अधिकारियों से अस्पताल का नियमित निरीक्षण करने का आग्रह किया। सुझाव दिया गया कि संबंधित विभागों के अधिकारी प्रत्येक 15 दिन या कम से कम महीने में एक बार अस्पताल परिसर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लें।
इस दौरान अधिकारियों को अस्पताल भवन और परिसर में होने वाली टूट-फूट, बिजली व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की जांच करनी चाहिए। निरीक्षण के बाद आवश्यक सुधार और मरम्मत के संबंध में सुझाव अस्पताल प्रशासन को दिए जा सकते हैं, ताकि कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।
डॉ. राकेश पवार ने बताया कि नियमित निरीक्षण से अस्पताल में रखरखाव संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान हो सकेगी और आवश्यक मरम्मत कार्य भी शीघ्र करवाए जा सकेंगे। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान अस्पताल की अन्य व्यवस्थाएं भी संतोषजनक पाई गईं। आयोग अध्यक्ष के सुझावों से अस्पताल की सुविधाओं को और सुदृढ़ करने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।