सोलन : दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, प्रशासन ने दिए निर्देश

सोलन। दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर सोलन प्रशासन ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस संबंध में एसडीएम सोलन नीरज शर्मा (HPAS) ने अग्निशमन विभाग, नगर निगम, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में आगजनी की घटनाओं से निपटने, बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने और पटाखों की दुकानों के लिए सुरक्षा प्रबंधों पर चर्चा की गई।
एसडीएम ने बताया कि शहर में स्थापित कुल 26 फायर हाइड्रेंट्स का वार्षिक निरीक्षण करवाया गया है। इनमें से 23 हाइड्रेंट्स पूरी तरह कार्यशील पाए गए, जबकि तीन खराब मिले हैं। नगर निगम को निर्देश दिए गए हैं कि इन तीनों हाइड्रेंट्स को एक-दो दिन के भीतर बदलकर ठीक किया जाए। प्रशासन ने दीपावली से पहले सभी 26 हाइड्रेंट्स को चालू करने के लिए संबंधित विभाग से अनुपालन रिपोर्ट भी मांगी है।
उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान आगजनी की संभावित घटनाओं से तुरंत निपटने के लिए मुख्य फायर स्टेशन के अलावा शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त फायर टेंडर तैनात किए जाएंगे। इनमें ओल्ड बस स्टैंड, सपरून चौक और ठोडो ग्राउंड शामिल हैं। इन स्थानों पर दीपावली से दो-तीन दिन पहले दो से तीन दिनों तक अग्निशमन वाहन उपलब्ध रहेंगे।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि पटाखों की दुकानें केवल प्रशासन द्वारा अधिसूचित स्थानों पर ही लगाई जा सकेंगी। लाइसेंस धारकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त नगर निगम और प्रशासन की टीमें बाजारों का नियमित निरीक्षण करेंगी, ताकि अतिक्रमण पर रोक लगाई जा सके और लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो।
नीरज शर्मा ने व्यापारियों और आम जनता से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि दीपावली का त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *