सोलन : एचआरटीसी पेंशनरों ने खोला मोर्चा, 3 से आंदोलन

सोलन। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के पेंशनरों ने लंबित वित्तीय देनदारियों और महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान न होने पर सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन की सोलन इकाई के महासचिव जगदीश ठाकुर ने बताया कि राज्य निकाय के निर्णय के अनुसार पेंशनर आगामी 3 तारीख से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन शुरू करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि नियमित कर्मचारियों को करीब एक वर्ष पहले 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी कर दिया गया था, जबकि पेंशनरों को इससे वंचित रखा गया। इसके अलावा सरकार की ओर से पूर्व में घोषित 50-50 हजार रुपये की किश्तों का भुगतान भी लंबित है। अब 5 प्रतिशत अतिरिक्त डीए घोषित होने के बाद पेंशनरों का कुल 8 प्रतिशत महंगाई भत्ता बकाया हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रति पेंशनर और कर्मचारी का औसतन 10 लाख रुपये से अधिक का बकाया लंबित है।
ठाकुर ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एचआरटीसी प्रतिदिन करीब दो करोड़ रुपये की कमाई करता है, इसके बावजूद कर्मचारियों और पेंशनरों की देनदारियों का भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने वर्कशॉप में कलपुर्जों की कमी, वाहनों के खड़े रहने और स्टाफ की कमी पर भी चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि पेंशनरों ने अपना पूरा जीवन निगम की सेवा में लगाया है। आज अधिकांश पेंशनर 60 से 75 वर्ष की आयु के हैं और कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार से जल्द वार्ता कर बकाया भुगतान करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *