सोलन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 180 सैंपल भरे

सोलन। आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग सोलन ने जिलेभर में मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत मिठाइयों की दुकानों, डेरियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा रहे हैं। विभाग का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना और खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाना है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त वीरेंद्र चौहान ने बताया कि अब तक जिले में 98 इंफोर्समेंट सैंपल और 82 सर्विलांस सैंपल सहित कुल 180 सैंपल एकत्रित किए जा चुके हैं। सैंपल फेल होने के आधार पर 24 मामले एडीएम कोर्ट और दो मामले जुडिशियल कोर्ट में दायर किए गए हैं। इसके अलावा मिलावट की त्वरित जांच के लिए मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन भी सक्रिय है।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभाग की ओर से अब तक 28 प्रशिक्षण कार्यक्रम और 46 जागरूकता शिविर आयोजित किए गए हैं। इनमें खाद्य कारोबारियों और आम जनता को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के संबंध में जानकारी दी गई।
चौहान ने उपभोक्ताओं से अपील की कि मिठाइयां खरीदते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा ढककर रखी गई मिठाइयों को ही प्राथमिकता दें। कृत्रिम रंगों के अधिक इस्तेमाल से बचें। खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 7649900015 पर संपर्क करें या फास्ट पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं। कारोबारियों को भी स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *