सोलन अग्निकांड में 45 लाख के नुकसान का अनुमान, एसडीएम ने दिए राहत के निर्देश

सोलन। शहर में एक परिसर में आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना के संबंध में एसडीएम नीरज शर्मा ने बताया कि हादसे के समय परिसर में दो से तीन लोग मौजूद थे, जो समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
एसडीएम के अनुसार, प्रभावित दुकानदार ने शुरुआती आकलन में करीब 45 लाख रुपये के नुकसान की जानकारी दी है। आग से दुकान में रखी हार्डवेयर सामग्री, कैमरा और नकदी सहित अन्य सामान प्रभावित हुआ है। परिसर में अग्निशमन उपकरण मौजूद होने की जानकारी भी सामने आई है, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उनका इस्तेमाल नहीं हो सका। प्रशासन की ओर से मामले से जुड़े लाइसेंस और सुरक्षा प्रबंधों की जांच की जा रही है।
एसडीएम नीरज शर्मा ने प्रभावित दुकानदार को नियमानुसार राहत उपलब्ध करवाने के लिए पटवारी को तत्काल राहत संबंधी मामला तैयार कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद निर्धारित नियमों और प्रशासनिक प्रावधानों के अनुसार सहायता देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
दीपावली के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है। एसडीएम ने लोगों से अपील की है कि आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों और अन्य ज्वलनशील सामग्री का अवैध भंडारण न करें। उन्होंने बताया कि दीपावली से पहले आगामी तीन से चार दिनों तक प्रशासन और पुलिस की टीमें चिन्हित स्थानों तथा दुकानों पर जांच अभियान चलाएंगी।
पटाखा विक्रेताओं को अग्निशमन यंत्र रखने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शहर में अग्निशमन हाइड्रेंट की जांच करने के आदेश भी जारी किए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में आग पर समय रहते काबू पाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *