सोलन : बदलते मौसम में वायरल संक्रमण से बचाव जरूरी, खुद डॉक्टर बनने से बचें: डॉ. अजय पाठक

सोलन। बदलते मौसम के साथ वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। सुबह और शाम के समय ठंड तथा दिन में सामान्य तापमान रहने के कारण लोग अक्सर स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही बरतते हैं। ऐसे में खांसी, जुकाम और अन्य वायरल बीमारियों की चपेट में आने की आशंका बढ़ जाती है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अजय पाठक ने लोगों को बदलते मौसम में सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है।
डॉ. पाठक ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव के दौरान शरीर को तापमान के अनुसार सुरक्षित रखना आवश्यक है। कई बार लोग दिन में गर्मी महसूस होने के कारण हल्के कपड़े पहनकर घर से निकलते हैं, जबकि सुबह और शाम के समय ठंड का सामना करना पड़ता है। विशेषकर दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनें तथा शरीर को ठंड से बचाकर रखें।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर बनाए रखने के लिए संतुलित खान-पान जरूरी है। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए और अपने भोजन में ताजे फल तथा हरी सब्जियां शामिल करनी चाहिए। इसके साथ ही शरीर को पर्याप्त आराम देना भी जरूरी है, ताकि संक्रमण से बचाव में मदद मिल सके।
सीएमओ ने कहा कि खांसी और जुकाम जैसे कई सामान्य वायरल संक्रमण चार से पांच दिनों में अपने आप ठीक हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में पर्याप्त आराम करने, पानी पीने और स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की जरूरत होती है। हालांकि, लक्षणों को नजरअंदाज करना या बिना जानकारी के दवाइयों का सेवन करना नुकसानदायक हो सकता है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि खुद डॉक्टर बनने से बचें। दवा की आवश्यकता होने पर केमिस्ट से अपनी मर्जी से दवा खरीदने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर चिकित्सक से परामर्श लें। डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही दवा का सेवन करें, ताकि अनावश्यक दवाइयों के इस्तेमाल से बचा जा सके और समय पर उचित उपचार मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *