सोलन में रामलीला का आकर्षण बनेंगी 52 देवियां, गंज बाजार से निकलेगी शोभायात्रा

सोलन। श्री जगदंबा रामलीला मंडल सोलन की ओर से आयोजित रामलीला में इस बार 52 देवियों का मंचन मुख्य आकर्षण रहेगा। मंडल के प्रधान धर्मेंद्र ठाकुर ने बताया कि मां शूलिनी और प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद तथा स्थानीय प्रशासन व शहरवासियों के सहयोग से रामलीला का मंचन सुचारू रूप से चल रहा है। निर्देशक हरीश वर्मा के निर्देशन में गंज द्वार पर हो रहे मंचन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
धर्मेंद्र ठाकुर ने बताया कि बीते दिन रामलीला में लक्ष्मण मूर्छा का भावुक प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इसमें हनुमान जी द्वारा सुषेण वैद्य और संजीवनी बूटी लाने के बाद लक्ष्मण जी के स्वस्थ होने का दृश्य दिखाया गया। आज राम दल और रावण दल के बीच महायुद्ध का मंचन होगा, जिसमें रावण, मेघनाद और कुंभकरण के वध का प्रसंग प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष रामलीला में नौ देवियों के स्थान पर शहर और आसपास की 52 छोटी बेटियां देवियों के रूप में मंच पर नजर आएंगी। यह आयोजन का विशेष आकर्षण रहेगा।
मंडल प्रधान के अनुसार, अगले दिन दोपहर करीब तीन बजे गंज बाजार से राम दल और रावण दल की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए ठोडू ग्राउंड पहुंचेगी, जहां रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा।
श्री जगदंबा रामलीला मंडल पिछले 46 वर्षों से रामलीला का मंचन करता आ रहा है। निर्देशक हरीश वर्मा भी लंबे समय से इस परंपरा से जुड़े हैं, जबकि धर्मेंद्र ठाकुर पिछले 24 से 25 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *