सोलन : पैदल रास्ते की चौड़ाई एस्टीमेट से कम मिलने पर नगर निगम ने मांगी पीडब्ल्यूडी से रिपोर्ट

सोलन। शहर में निर्माणाधीन पैदल रास्ते की चौड़ाई एस्टीमेट के अनुरूप नहीं मिलने पर नगर निगम सोलन और लोक निर्माण विभाग की टीम ने संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर तैयार किए गए रास्ते की चौड़ाई करीब 80 सेंटीमीटर पाई गई, जबकि स्वीकृत एस्टीमेट के अनुसार इसकी चौड़ाई करीब चार फुट होनी थी।
नगर निगम सोलन के एसडीओ गोपीचंद ने बताया कि पैदल रास्ते के निर्माण के लिए नगर निगम की ओर से लोक निर्माण विभाग को फंड उपलब्ध करवाया गया था। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों की जांच के लिए दोनों विभागों की टीम ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान रास्ते की चौड़ाई एस्टीमेट में निर्धारित चौड़ाई से कम पाई गई। इस संबंध में नगर निगम की ओर से लोक निर्माण विभाग से स्थिति स्पष्ट करने और संयुक्त निरीक्षण की रिपोर्ट उपलब्ध करवाने को कहा गया है। मामले को लेकर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता से भी बातचीत की जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
एसडीओ ने बताया कि रास्ते के नीचे आरसीसी की पक्की ड्रेनेज बनाई गई है। पानी की निकासी के लिए साइड में आवश्यक छेद भी रखे गए हैं, जिससे जल निकासी की व्यवस्था बनी रहे।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार हो, यह सुनिश्चित करना आवश्यक है। संयुक्त निरीक्षण के बाद अब पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद रास्ते की चौड़ाई से संबंधित स्थिति स्पष्ट होगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *