सोलन। सब्जी मंडी सोलन में प्याज की आवक और कीमतों को लेकर बाजार में फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है। मंडी के व्यापारी बंटी के अनुसार वर्तमान में मध्यम गुणवत्ता के प्याज के थोक भाव 35 से 40 रुपये प्रति किलो चल रहे हैं, जबकि बढ़िया गुणवत्ता, बड़े आकार और डबल पत्ती वाले प्याज की कीमत 40 से 45-46 रुपये प्रति किलो तक पहुंच रही है।
व्यापारी के अनुसार मंडी से प्याज खरीदने के बाद आढ़त, किराया और भाड़ा सहित अन्य खर्च जुड़ने से इसकी लागत करीब 47 से 48 रुपये प्रति किलो पड़ रही है। यही वजह है कि खुदरा बाजार में प्याज 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। अलग-अलग स्थानों और गुणवत्ता के आधार पर खुदरा कीमतों में अंतर देखा जा रहा है।
मंडी में अब सोलन और आसपास के क्षेत्रों से आने वाला स्थानीय प्याज लगभग समाप्त हो चुका है। बताया गया कि स्थानीय किसानों ने कई लोगों ने फसल पहले ही कम भाव के दौरान बेच दी थी, जबकि कुछ किसानों ने प्याज को घरेलू स्तर पर भंडारित कर लिया है। ऐसे में वर्तमान में मंडी की आपूर्ति मुख्य रूप से बाहरी राज्यों पर निर्भर है।
फिलहाल मध्य प्रदेश के रतलाम से प्याज की प्रमुख आवक हो रही है। इसके अलावा नासिक से भी कुछ गाड़ियां सोलन मंडी पहुंच रही हैं। बाहरी राज्यों से लगातार हो रही आपूर्ति के कारण मंडी में प्याज की उपलब्धता बनी हुई है।
व्यापारी बंटी ने बताया कि पिछले 10 से 15 दिनों के दौरान प्याज के दामों में करीब चार रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है। हालांकि, आगामी दिनों में विशेषकर दिवाली से पहले अच्छी गुणवत्ता वाले प्याज के भाव में बड़ी गिरावट की संभावना कम है। बेहतर गुणवत्ता वाले प्याज के दाम 40 से 45 रुपये प्रति किलो के आसपास बने रहने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद प्याज की मांग पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा है और बाजार में इसकी बिक्री सामान्य रूप से जारी है।