सोलन : सेब मंडियों में नियमों की अनदेखी पर एपीएमसी सख्त, व्यापारियों पर हो रही कार्रवाई

सोलन एवं परवाणू सेब मंडियों में नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों पर कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) ने शिकंजा कस दिया है। एपीएमसी सोलन की प्रवर्तन टीम दोनों मंडियों में नियमित निरीक्षण कर रही है। एपीएमसी सचिव राघव सूद ने बताया कि ओवर-पैक्ड डिब्बों की खरीद-बिक्री करने वाले व्यापारियों को अधिनियम के तहत नोटिस जारी किए जा रहे हैं और मौके पर चालान भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सेब की नीलामी वजन के आधार पर नहीं करने वाले व्यापारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। मंडी में नापतोल विभाग की टीम ने भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिना कैलिब्रेशन वाली अथवा अनुपलब्ध वेइंग मशीनों के मामलों में चालान किए गए हैं। एपीएमसी ने व्यापारियों को मंडी नियमों के अनुरूप कारोबार करने के निर्देश दिए हैं।
सचिव ने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए डिफॉल्टर व्यापारियों के खिलाफ भी सख्ती बरती जा रही है। इस वर्ष एपीएमसी की ओर से किसी भी डिफॉल्टर व्यापारी का लाइसेंस नवीनीकृत नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में कोई डिफॉल्टर व्यापारी मंडी में कारोबार नहीं कर रहा है।
किसानों को उनकी उपज का भुगतान समय पर मिले, इसके लिए सोलन और परवाणू दोनों मंडियों में डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से किसानों को समान दिन भुगतान की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी जा रही है। एपीएमसी ने व्यापारियों को किसानों की उपज का भुगतान उसी दिन करने के निर्देश दिए हैं।
राघव सूद ने किसानों से अपील की कि यदि मंडी में किसी प्रकार की हेराफेरी, धोखाधड़ी या नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आता है तो वे मार्केटिंग बोर्ड की ओर से जारी विशेष व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि किसानों की शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और मंडी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निरीक्षण लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *