चंबाघाट-सब्जी मंडी के बीच ओवरब्रिज व पाथ निर्माण की मांग

सोलन। नौणी पंचायत के पूर्व प्रधान एवं विश्वकर्मा समाज कल्याण बोर्ड हिमाचल प्रदेश के सदस्य मदन हिमाचली ने चंबाघाट और सब्जी मंडी के बीच सड़क पर बढ़ते हादसों के खतरे को देखते हुए ओवरब्रिज और सुरक्षित पैदल मार्ग (पाथ) के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर किसानों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों की आवाजाही अधिक होने के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
मदन हिमाचली ने कहा कि सब्जी मंडी में किसान सुबह करीब चार बजे से ही अपनी फसलें और सब्जियां लेकर पहुंचना शुरू कर देते हैं। ऐसे में सुबह के समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही के बीच किसानों को सड़क पार करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा चंबाघाट से सब्जी मंडी के बीच बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी आवागमन करते हैं। समीप स्थित पुलिस कॉलोनी के लोगों की आवाजाही भी दिनभर बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि सड़क पर पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त सुरक्षित व्यवस्था न होने के कारण किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। मदन हिमाचली ने आरोप लगाया कि एनएचएआई की ओर से इस स्थान पर ओवरब्रिज और पैदल रास्ते का निर्माण काफी पहले पूरा किया जाना चाहिए था, लेकिन कार्य में देरी हो रही है।
उन्होंने बताया कि इस जनहित के मुद्दे को पहले भी उपायुक्त सोलन के समक्ष उठाया जा चुका है। जल्द ही दोबारा उपायुक्त के संज्ञान में मामला लाकर एनएचएआई को आवश्यक निर्देश जारी करवाने का आग्रह किया जाएगा। उन्होंने एपीएमसी अध्यक्ष और स्थानीय मंत्री से भी इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर उठाने की अपील की।
मदन हिमाचली ने कहा कि ओवरब्रिज और सुरक्षित पाथ का निर्माण होने से किसानों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी तथा सड़क हादसों की आशंका को कम किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *