सोलन में नशा मुक्त युवा अभियान का शुभारंभ, 200 युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम के तहत 100 सप्ताह तक चलने वाले विशेष जागरूकता अभियान का शुभारंभ शेड्स कॉलेज में किया गया। जिला यूथ ऑफिसर भूपेंद्र सिंह गिल ने बताया कि अभियान की औपचारिक शुरुआत आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम में सोलन की मेयर सुषमा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि शेड्स कॉलेज की प्रिंसिपल विशिष्ट अतिथि रहीं।
कार्यक्रम में करीब 200 युवाओं ने भाग लिया और नशे से दूर रहने की शपथ ली। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और इससे होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक का भी मंचन किया गया। इसके माध्यम से नशे से होने वाले सामाजिक और व्यक्तिगत नुकसान का संदेश दिया गया।
भूपेंद्र सिंह गिल ने बताया कि अभियान आगामी 100 सप्ताह तक लगातार चलाया जाएगा। अभियान के तहत युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान को आगे बढ़ाने में हार्टफुलनेस और ओम शांति जैसी आध्यात्मिक संस्थाएं सहयोग करेंगी। वहीं, माई भारत की ओर से अभियान के लिए स्वयंसेवकों और आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा। आयोजकों ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *