नगर निगम क्षेत्र में पानी, सफाई और विकास कार्यों की बदहाल स्थिति को लेकर शहरी कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहरी कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने आरोप लगाया कि चुनाव के तीन माह बाद भी शहर की मूलभूत सुविधाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान रोजाना पानी देने का वादा किया गया था, लेकिन कई क्षेत्रों में लोगों को छह-छह दिन के अंतराल पर पानी मिल रहा है।
पुनीत शर्मा ने कहा कि जलशक्ति विभाग द्वारा नगर निगम को प्रतिदिन 75 से 80 लाख लीटर पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है, इसके बावजूद नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने गंदी नालियों के बीच से पानी की आपूर्ति और टूटी नालियों की मरम्मत नहीं होने का भी आरोप लगाया।
सफाई व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए 104 कर्मचारियों का ठेका है, लेकिन रोजाना 70 से अधिक कर्मचारी ही काम पर पहुंचते हैं। छुट्टियों की उचित व्यवस्था नहीं होने से कूड़ा उठाने में भी दिक्कत आ रही है।
उन्होंने कहा कि तीन माह बाद भी नगर निगम का बजट पेश नहीं हुआ और सदन की बैठक नहीं बुलाई गई। मरम्मत के लिए सीमेंट तक उपलब्ध नहीं है। पुनीत शर्मा ने कहा कि कमिश्नर और महापौर से मुलाकात की जा रही है। एक सप्ताह में व्यवस्था नहीं सुधरी तो कांग्रेस नगर निगम कार्यालय और महापौर का घेराव करेगी।