सोलन : राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के जिला आयुष चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। जिला आयुष चिकित्सा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी डॉ. मुकेश ममगाई ने बताया कि शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने बताया कि शिविर म्यूनिसिपल कमेटी हॉल में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में पहुंचने वाले वरिष्ठ नागरिकों को चिकित्सकों द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच भी मौके पर निशुल्क की जाएगी। इनमें बीएमडी, नर्व कंडक्शन, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, थायराइड, कोलेस्ट्रॉल और पीएफटी यानी पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट शामिल हैं।
डॉ. मुकेश ममगाई ने बताया कि बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार जरूरी है। इसी उद्देश्य से शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की व्यापक जांच की व्यवस्था की गई है। जांच के आधार पर चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा।
शिविर में जेरियाट्रिक हेल्थ केयर से संबंधित आवश्यक दवाइयां भी वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। आयोजकों के अनुसार शिविर का लाभ लेने वाले लोगों को केवल आयोजन के दिन तक ही सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए भविष्य में भी आयुष चिकित्सा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों से संपर्क किया जा सकेगा। मरीजों को आगे निशुल्क फॉलो-अप परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
आयोजकों ने वरिष्ठ नागरिकों से शिविर में पहुंचकर निशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *