सोलन : निपुण मिशन के तहत प्राथमिक शिक्षकों की तीन दिवसीय कार्यशाला संपन्न

सोलन शिक्षा खंड के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (कन्या) सोलन में प्राथमिक शिक्षकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यशाला का बुधवार को समापन हुआ। 15 से 17 सितंबर तक आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य कक्षा पहली और दूसरी के विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) को मजबूत करना तथा निपुण मिशन 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण का प्रशिक्षण देना रहा।
ब्लॉक एलिमेंट्री एजुकेशन ऑफिसर सोलन हरी राम चंदेल ने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों में उपलब्ध करवाई गई शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) का कक्षा में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यशाला में सोलन शिक्षा खंड की 63 प्राथमिक पाठशालाओं से 63 जेबीटी अध्यापकों एवं मुख्य शिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के आयोजन में प्रथम संस्था और एडसिल का सहयोग रहा।
उन्होंने बताया कि निपुण मिशन के तहत बच्चों में पढ़ने, लिखने और संख्या ज्ञान से जुड़े बुनियादी कौशल विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने के लिए सक्षम बनाना भी प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को कक्षा शिक्षण में बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन सोलन की सीनियर कम्युनिटी इंस्ट्रक्टर रशीमा बड़ोत्रा ने बताया कि कक्षा पहली और दूसरी के बच्चों को खेल-खेल में गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। समग्र शिक्षा के माध्यम से स्कूलों में उपलब्ध जादुई पिटारा और वंडर बॉक्स के अलावा फ्लैश कार्ड्स तथा अन्य शिक्षण सामग्री के प्रयोग की जानकारी शिक्षकों को दी गई। कार्यशाला में शिक्षकों को लेसन प्लान तैयार करने, उसे कक्षा में प्रभावी ढंग से लागू करने तथा गतिविधि आधारित मॉड्यूल के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुरूप शिक्षण गतिविधियां तैयार करने और टीएलएम के बेहतर इस्तेमाल के विभिन्न तरीकों से अवगत करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *