शहर के व्यस्त मॉल रोड पर अवैध पार्किंग और बढ़ते अतिक्रमण के कारण पैदल राहगीरों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। स्थानीय व्यापारी रचित साहनी ने बताया कि मॉल रोड पर सुबह से देर शाम तक भारी यातायात रहता है। सड़क के कई हिस्से संकरे होने के कारण पैदल चलने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
रचित साहनी के अनुसार कई लोग अपने दोपहिया और चौपहिया वाहनों को दुकानों के सामने या सड़क के बीच में खड़ा कर देते हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ पैदल राहगीरों के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बचती। उन्होंने बताया कि रेहड़ी-फड़ी संचालकों द्वारा भी आवंटित स्थानों के बजाय अन्य जगहों पर कारोबार करने से अतिक्रमण की समस्या बढ़ रही है।
व्यापारी ने कहा कि मॉल रोड के कुछ हिस्सों में स्थिति इतनी गंभीर है कि पीछे से आने वाले वाहन पैदल चल रहे लोगों के बेहद करीब से निकलते हैं और कई बार टक्कर की स्थिति बन जाती है। उनके अनुसार उनकी दुकान के आसपास प्रतिदिन दो से तीन ऐसे मामले सामने आते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें बाईपास के समीप एक वाहन पैदल यात्री को टक्कर मारते हुए निकलता दिखाई दे रहा है। इस तरह की घटनाएं शहर में यातायात व्यवस्था और पैदल यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं।
रचित साहनी ने कहा कि पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करते हैं, जबकि कुछ लोग लापरवाही से बीच सड़क पर पार्किंग कर देते हैं। उन्होंने प्रशासन से अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।