हरितालिका तीज पर नेपाली समाज ने नेपाल बाढ़ पीड़ितों की मदद का लिया संकल्प

सोलन स्थित फ्रेंड्स कॉर्नर में हरितालिका तीज के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेपाली समुदाय की महिलाओं और अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पर्व की खुशियां साझा करने के साथ नेपाल में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद का भी संकल्प लिया गया।
फ्रेंड्स कॉर्नर के मालिक वीरू सिंह ने बताया कि नेपाल में आई बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों की सहायता के उद्देश्य से तीज कार्यक्रम के दौरान एकत्रित होने वाला पूरा चंदा नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों के सहयोग के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्यों से जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने का प्रयास किया जा सकता है।
वीरू सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहने और मेहनत कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चे नियमित रूप से स्कूल जाएं और गलत संगत अथवा नशे की गिरफ्त में न आएं।
रुकमेलि समाज सोलन के सचिव अजय दिवस ने कहा कि हरितालिका तीज नेपाली समाज की महिलाओं का महत्वपूर्ण पर्व है। भारत के विभिन्न राज्यों सहित हिमाचल प्रदेश के सोलन, दिल्ली और मुंबई के अलावा विदेशों में रह रहा नेपाली समुदाय भी इस पर्व को पारंपरिक उत्साह के साथ मनाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हर वर्ष होने चाहिए, ताकि समाज की बेटियां और बहनें एकजुट होकर पर्व की खुशियां साझा कर सकें और आपसी भाईचारा मजबूत हो।
कार्यक्रम में मौजूद नेपाली गायिका सिमरन परियार ने सोलन में तीज कार्यक्रम के आयोजन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सोलन का वातावरण, हवा और पानी उन्हें नेपाल जैसा महसूस कराता है। उन्होंने रोजी-रोटी और काम के सिलसिले में परिवार से दूर रहने के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने सभी लोगों से अपनी सेहत का ध्यान रखने के साथ परिवार के सदस्यों की भी अच्छी तरह देखभाल करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में नेपाली संस्कृति और सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *