नगर निगम सोलन ने पानी के लंबित बिलों की वसूली को लेकर एक बार फिर रिकवरी और डिस्कनेक्शन अभियान शुरू कर दिया है। नगर निगम की एसडीओ अल्पना ठाकुर ने बताया कि बकाया बिल जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं के पानी के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। अभियान के तहत फिलहाल वार्ड नंबर 10 और 11 पर विशेष रूप से कार्रवाई की जा रही है।
एसडीओ ने बताया कि दोनों वार्डों में ऐसे 36 पानी के कनेक्शन चिन्हित किए गए हैं, जिन पर बिलों का भुगतान लंबित है। इन उपभोक्ताओं से करीब आठ लाख रुपये की रिकवरी की जानी है। नगर निगम की टीम ने वार्ड नंबर 11 में मौके पर पहुंचकर कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बकाया राशि की वसूली के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अल्पना ठाकुर के अनुसार नगर निगम सोलन के स्तर पर पानी के बिलों की कुल बकाया राशि करीब 3.20 करोड़ रुपये है। इसमें से अब तक लगभग 60 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इससे पहले मई माह में भी रिकवरी अभियान चलाया गया था, लेकिन अन्य प्रशासनिक कार्यों में व्यस्तता के कारण इसे कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था। अब अभियान दोबारा शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं, वे नगर निगम कार्यालय में बकाया बिल जमा करवाकर कनेक्शन दोबारा बहाल करवा सकते हैं। इसके लिए भविष्य में समय पर बिल भुगतान करने संबंधी आवेदन भी देना होगा। कनेक्शन बहाली के दौरान प्रॉपर्टी टैक्स और कचरा शुल्क जैसी अन्य देनदारियों की स्थिति भी देखी जा रही है।
एसडीओ ने किराएदारों से विशेष अपील करते हुए कहा कि यदि वे पानी के बिल की राशि मकान मालिक को देते हैं तो भुगतान की रसीद अवश्य लें। उन्होंने कहा कि एक मामले में किराएदारों द्वारा नियमित रूप से राशि देने के बावजूद मकान मालिक ने निगम में बिल जमा नहीं किया, जिससे कनेक्शन कटने की स्थिति बनी। रसीद लेने से ऐसी परेशानी से बचा जा सकता है। BITE – SDO Alpna Thakur नगर निगम सोलन
सोलन : पानी के बकायेदारों पर नगर निगम सख्त, वार्ड 10 और 11 में कनेक्शन काटने का अभियान शुरू