शहर में हाल ही में हुई दो हिंसक घटनाओं को लेकर भाजपा सोलन शहरी मंडल ने प्रदेश सरकार और पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र ने आरोप लगाया कि दोनों घटनाओं में नशे और शराब से जुड़े मामले सामने आए हैं, जो शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता का विषय है।
शैलेंद्र ने कहा कि सोलन में हुई हत्या के मामले में पुलिस की ओर से दर्ज बयान सामने आने से चार दिन पहले ही स्थानीय लोगों को घटना के करीब आधे घंटे बाद जानकारी मिल गई थी कि मामला चिट्टे के पैसे के लेन-देन से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो-तीन वर्षों से इस अवैध कारोबार से दूर रहे कुछ लोग अब दोबारा सक्रिय हो गए हैं और पुलिस विभाग के कुछ कर्मचारी भी उनके साथ मिले हुए हैं। हालांकि उन्होंने हाल में पुलिस की ओर से बढ़ाई गई गश्त का स्वागत किया।
भाजपा नेता ने कहा कि शहर में हुई दूसरी हिंसक घटना में बेलचे से सिर पर वार किए जाने के पीछे शराब की एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने का विवाद बताया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोलन में पिछले एक वर्ष से शराब की बोतलों पर 100 से 200 रुपये तक अतिरिक्त वसूली की जा रही है। इसके बावजूद आबकारी विभाग और सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सामान्य दुकानदार द्वारा ब्रेड या दूध पर एक-दो रुपये अधिक लेने पर कार्रवाई हो जाती है, लेकिन शराब की ओवरचार्जिंग के मामलों में स्थिति अलग दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिक कीमत वसूली का विरोध करने वाले लोगों के साथ भी बदतमीजी की जाती है।
भाजपा शहरी मंडल ने दोनों घटनाओं की निंदा करते हुए कहा कि शहर में बढ़ती अराजकता के पीछे नशा एक बड़ा कारण है। शैलेंद्र ने सरकार से नशे के सप्लायरों और शराब कारोबार से जुड़े अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। BITE – शैलेंद्र अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल
सोलन : शराब में ओवरचार्जिंग और चिट्टे के कारोबार पर भाजपा ने सरकार को घेरा