सोलन मंडी में प्याज के दामों में उछाल, महाराष्ट्र की बारिश से घटी आवक

सोलन सब्जी मंडी में प्याज के थोक दामों में लगातार तेजी बनी हुई है। गुणवत्ता के आधार पर प्याज 45, 48 और 49 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। मंडी के दुकान नंबर 15 के आढ़ती तिलक राज साहनी के अनुसार महाराष्ट्र में हुई भारी बारिश से प्याज की फसल को नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते आपूर्ति प्रभावित हुई और दामों में बढ़ोतरी हुई है।
साहनी ने बताया कि प्याज रोजमर्रा की जरूरत की वस्तु है। ऐसे में आवक कम होने का सीधा असर बाजार भाव पर पड़ता है। उनका कहना है कि इस बार एनसीसीएफ और नेफेड द्वारा भंडारित प्याज की मात्रा भी कम है। साथ ही इसकी गुणवत्ता अपेक्षाकृत हल्की होने से बाजार में कीमतों पर दबाव बना हुआ है।
मंडी से खुदरा बाजार तक पहुंचने में परिवहन, मजदूरी और दुकान के अन्य खर्च जुड़ने के कारण प्याज 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। व्यापारियों के अनुसार राजस्थान के अजमेर सहित अन्य क्षेत्रों से नई फसल की आवक शुरू होने के बाद ही कीमतों में राहत की उम्मीद है।
सरकार की ओर से रियायती दर पर प्याज उपलब्ध करवाने के लिए कांदा एक्सप्रेस चलाई गई है, लेकिन सोलन में अभी इसकी नियमित आपूर्ति नहीं पहुंची है। साहनी के अनुसार कभी-कभार एक-दो जीप माल आने पर भी वह तुरंत बिक जाता है।
स्थानीय स्तर पर भोजनगर और कोटबेजा के कुछ किसान प्याज की खेती करते हैं। अच्छी गुणवत्ता का स्थानीय प्याज भी मंडी में 45 से 50 रुपये किलो तक बिक रहा है। व्यापारियों का कहना है कि नई फसल आने तक दाम लगभग इसी स्तर पर बने रहने की संभावना है। BITE – तिलक राज साहनी शॉप नंबर 15 सब्जी मंडी सोलन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *