मस्कुलर डिस्ट्रॉफी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने और इससे प्रभावित बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सोलन में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का आयोजन इंडियन एसोसिएशन ऑफ मस्कुलर डिस्ट्रॉफी (आईएएमडी) और रोटरी क्लब सोलन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। रोटरी क्लब सोलन के अध्यक्ष एवं एमएमयू के प्लास्टिक सर्जन डॉ. संजीव उप्पल ने बताया कि सोलन में आईएएमडी का मुख्यालय स्थित है, जहां बीमारी से प्रभावित बच्चों के लिए विशेष सेंटर संचालित किया जा रहा है।
रैली पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से शुरू होकर सड़क मार्ग से पुराने डीसी कार्यालय तक पहुंची। इसमें मस्कुलर डिस्ट्रॉफी से प्रभावित बच्चे, उनके अभिभावक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए। व्हीलचेयर के सहारे पहुंचे बच्चों ने लोगों को बीमारी के प्रति संवेदनशील होने का संदेश दिया।
डॉ. उप्पल ने कहा कि बीमारी के कारण कई बच्चे चलने-फिरने में असमर्थ होते हैं और उन्हें दैनिक गतिविधियों में सहायता की आवश्यकता पड़ती है, लेकिन उनके हौसले बेहद मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की बौद्धिक क्षमता सामान्य होती है और वे पढ़ाई सहित अन्य बौद्धिक कार्य करने में पूरी तरह सक्षम हैं। इसलिए समाज को इन्हें अलग-थलग करने के बजाय मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास करने चाहिए।
रैली में आईएएमडी की ओर से विपुल भी मौजूद रहे। डॉ. उप्पल ने कहा कि प्रभावित बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों का मनोबल बढ़ाना भी समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मस्कुलर डिस्ट्रॉफी का स्थायी उपचार उपलब्ध नहीं है, लेकिन चिकित्सा विज्ञान में लगातार हो रही प्रगति से भविष्य में जीन आधारित उपचार की उम्मीद बनी हुई है। उन्होंने लोगों से बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रभावित परिवारों के सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया। BITE – Dr sanjeev uppal President Rotary club solan
सोलन में मस्कुलर डिस्ट्रॉफी जागरूकता रैली, बीमारी से जूझ रहे बच्चों के हौसले को किया सलाम