सोलन शहरी कांग्रेस की नवगठित कार्यकारिणी की पहली संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। बैठक की अध्यक्षता शहरी कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने की।
बैठक में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सोलन प्रभारी अनीता वर्मा तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित ठाकुर सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को बूथ और वार्ड स्तर पर मजबूत करने तथा कांग्रेस की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। आगामी समय में वार्ड और बूथ स्तर पर बैठकों एवं जनसंपर्क गतिविधियों को तेज करने पर भी जोर दिया गया।
पार्टी संगठन में अनुशासन को लेकर भी बैठक में कड़े निर्देश दिए गए। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठकों में उपस्थिति को गंभीरता से लेने तथा लगातार अनुपस्थित रहने वालों के संबंध में संगठनात्मक स्तर पर कार्रवाई करने की बात कही गई। नेताओं ने कहा कि जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रत्येक पदाधिकारी को संगठन के प्रति अपनी भूमिका पूरी निष्ठा से निभानी होगी।
शहरी कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने कहा कि नई कार्यकारिणी मिलकर संगठन को मजबूत करने के साथ जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।