सोलन सब्जी मंडी में इन दिनों सब्जियों के दामों में मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। लहसुन और प्याज के भाव जहां फिलहाल स्थिर बने हुए हैं, वहीं टमाटर के दामों में तेजी दर्ज की गई है। मंडी के दुकान नंबर 10 के कारोबारी सचिन ठाकुर ने मंडी के ताजा भाव और बाजार की स्थिति की जानकारी दी।
सचिन ठाकुर के अनुसार मंडी में प्रीमियम क्वालिटी का सफेद और अच्छी ग्रेडिंग वाला लहसुन 200 रुपये प्रति किलो से अधिक के भाव पर बिक रहा है। वहीं बढ़िया सफेद मीडियम क्वालिटी का लहसुन भी 150 रुपये प्रति किलो से ऊपर है। बीते दिन अच्छी गोली क्वालिटी के लहसुन का भाव करीब 120 रुपये प्रति किलो रहा। कारोबारियों के अनुसार फिलहाल लहसुन के भाव में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।
प्याज के दाम भी पिछले कुछ समय से स्थिर चल रहे हैं। मंडी में प्याज करीब 45 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहा है। हालांकि मंडी और फुटकर बाजार में दामों का अंतर बना हुआ है। मंडी में 45 रुपये किलो मिलने वाला प्याज उपभोक्ताओं को फुटकर बाजार में 60 से 65 रुपये प्रति किलो तक खरीदना पड़ रहा है।
वहीं टमाटर के दामों में आज अच्छी तेजी देखने को मिली। नए हिमसना टमाटर की बढ़िया क्वालिटी 500 से 700 रुपये तक के भाव पर बिकी। अधिकांश अच्छी क्वालिटी का टमाटर 600 रुपये प्रति किलो से अधिक रहा। सचिन ठाकुर के अनुसार यदि आने वाले दिनों में अच्छी क्वालिटी का माल मंडी में पहुंचता रहा तो टमाटर के भाव 700 से 800 रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकते हैं।