सोलन में पैदल यात्रियों को मिलेगी राहत, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से चंबाघाट तक पैदल पथ का 70 फीसदी काम पूरा

शहर में पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए बनाए जा रहे पैदल पथ का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। पुराने बस स्टैंड के समीप स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह से चंबाघाट तक बनाए जा रहे इस पैदल पथ का करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ई. सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि अब परियोजना का थोड़ा ही काम शेष रह गया है।
उन्होंने बताया कि पैदल पथ के निर्माण कार्य को करीब 70 लाख रुपये की लागत से अवार्ड किया गया है। शहर में पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
सहायक अभियंता के अनुसार पैदल पथ के लिए बनाए जा रहे यू-ड्रेन का निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। अब इस ड्रेन को पूरी तरह कवर करने का कार्य किया जाएगा। इसके ऊपर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ता तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पैदल पथ के लिए बेस तैयार करने का काम भी तेजी से चल रहा है। आगामी कुछ दिनों में इस बेस के ऊपर निर्धारित सतह बिछाने का कार्य किया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से चंबाघाट तक आने-जाने वाले लोगों को पैदल चलने के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध होगा।
शहर में बढ़ते यातायात और सड़क किनारे पैदल चलने में होने वाली परेशानी को देखते हुए इस पैदल पथ को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि शेष कार्य को जल्द पूरा कर इसे लोगों के लिए उपलब्ध करवाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *