रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से विशेष पहल करते हुए समाज और देश की निस्वार्थ सेवा में जुटे सफाई कर्मचारियों तथा शिक्षकों को रक्षासूत्र बांधकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच भाईचारे, सम्मान और एकता की भावना को मजबूत करना रहा।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में आपसी विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का भी संदेश देता है। इसी भावना के साथ इस बार सीमा पर तैनात सैनिकों, पुलिसकर्मियों और अस्पतालों में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों के साथ सफाई कर्मचारियों और शिक्षकों को भी रक्षासूत्र बांधकर उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों और गांवों को स्वच्छ रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। वहीं शिक्षक नई पीढ़ी को शिक्षित करने और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर उन्हें रक्षासूत्र बांधना उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम है।
भाजपा महिला मोर्चा के अनुसार हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों, मंडलों और विधानसभा स्तर पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से ‘एकता’ और ‘सभी भारतीय एक हैं’ का संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर ही देश और प्रदेश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। रक्षाबंधन के माध्यम से सेवा, सम्मान, भाईचारे और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। BITE – Dr Dasiy Thakur महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष
रक्षाबंधन पर भाजपा महिला मोर्चा की अनूठी पहल, सफाई कर्मचारियों और शिक्षकों को बांधा रक्षासूत्र