सोलन मॉल रोड पर एबीवीपी का प्रदर्शन, छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला सोलन की ओर से छात्र संघ चुनाव बहाल करने और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में बढ़ाई गई फीस वापस लेने की मांग को लेकर सोलन मॉल रोड पर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगें उठाईं।
एबीवीपी सोलन के विभाग संयोजक बृजेश कंवर ने कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से प्रदेश में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 13 वर्षों से प्रदेश में छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं। प्रदेश सरकार ने सत्ता में आने से पहले अपनी पहली कैबिनेट में छात्र संघ चुनाव बहाल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन सरकार के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने को हैं और अब तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद की दूसरी प्रमुख मांग हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में हाल ही में की गई फीस वृद्धि को वापस लेने की है। उनके अनुसार विश्वविद्यालय के कुलपति की ओर से छात्रों की फीस में करीब 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है, जिससे विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। एबीवीपी ने इस फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की है।
बृजेश कंवर ने बताया कि फीस वृद्धि के विरोध में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता पिछले 17 दिनों से क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने दिनों के आंदोलन के बावजूद सरकार या विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा।
एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि छात्र संघ चुनाव जल्द बहाल नहीं किए गए और फीस वृद्धि वापस नहीं ली गई तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। BITE – बृजेश कंवर विभाग संयोजक विभाग सोलन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *