सोलन शहर में पेयजल संकट, खराब सड़कों और सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय व्यापारी विजय दुग्गल ने शहर की मौजूदा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि नई टीम के आने के बाद सुधार की उम्मीद थी, लेकिन हालात पहले से अधिक खराब हो गए हैं।
दुग्गल ने कहा कि शहर के कई क्षेत्रों में छह से सात दिन के अंतराल के बाद पेयजल आपूर्ति हो रही है। पानी आने का कोई निश्चित समय भी नहीं है। लोगों को पानी की आपूर्ति के संबंध में जानकारी के लिए अलग-अलग माध्यमों पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने पानी की गुणवत्ता पर भी चिंता जताते हुए कहा कि उपभोक्ताओं से नियमित रूप से बिल वसूले जा रहे हैं, ऐसे में उन्हें पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने शहर की सड़कों की स्थिति पर भी नाराजगी जताई। दुग्गल के अनुसार लोग रोड टैक्स और हाउस टैक्स का भुगतान करते हैं, लेकिन इसके बावजूद कई स्थानों पर सड़कें बदहाल हैं और सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है।
व्यापारी ने स्थानीय विधायक और नगर निगम मेयर से शहर की समस्याओं का जमीनी स्तर पर निरीक्षण करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को स्वयं सड़कों पर उतरकर वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए और लोगों को बताना चाहिए कि टैक्स के बदले उन्हें किस स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
दुग्गल ने प्रशासन पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि आम नागरिक द्वारा टैक्स या अन्य देय राशि समय पर जमा न करने पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से पेयजल, सड़क और सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।