पशुपालन विभाग सोलन की ओर से पशुओं को मुंह-खुर रोग (एफएमडी) से बचाने के लिए चलाए गए टीकाकरण अभियान में जिले में 95 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल किया गया है। विभाग के अनुसार जिले में कुल 1,46,570 पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके मुकाबले अब तक 1,39,275 पशुओं का टीकाकरण पूरा कर लिया गया है।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. विवेक लांबा ने बताया कि अभियान के दौरान पशुओं का टीकाकरण करने के साथ-साथ इसकी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ओटीपी आधारित ऑनलाइन सत्यापन व्यवस्था अपनाई गई है। इससे वास्तविक रूप से टीका लगाए गए पशुओं का रिकॉर्ड सुनिश्चित करने में मदद मिली है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पशुपालकों से संपर्क कर उनके पशुओं का टीकाकरण किया गया। विभाग की टीमों ने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अभियान को आगे बढ़ाया और टीकाकरण की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की।
डॉ. लांबा ने कहा कि ऑनलाइन सत्यापन व्यवस्था के कारण जिले में वास्तविक टीकाकरण कवरेज लगभग 100 प्रतिशत के करीब पहुंची है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र से संपर्क करें।
मुंह-खुर रोग पशुओं में तेजी से फैलने वाला संक्रामक रोग है। समय पर टीकाकरण से इसके संक्रमण को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। विभाग ने पशुपालकों से टीकाकरण संबंधी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और भविष्य में होने वाले टीकाकरण अभियानों में भी सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया है।