सोलन में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा पहुंचाने का संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर सोलन में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से शुरू होकर पुराने डीसी कार्यालय तक निकाली जा रही है। इसमें भाजपा शहरी मंडल के विभिन्न मोर्चों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सोलन नगर निगम की मेयर सुषमा शर्मा ने बताया कि यात्रा में महिला मोर्चा, एससी मोर्चा और युवा मोर्चा सहित भाजपा के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
भाजपा सोलन के महामंत्री धर्मेंद्र ठाकुर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे आना चाहिए।
उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से 15 अगस्त तक सोलन के अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को लोगों को अभियान से जोड़ने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया। आयोजकों ने लोगों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *