बरसात के मौसम में जलजनित रोगों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सोलन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि डायरिया, हेपेटाइटिस और दूषित पानी से होने वाली अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिए विभाग ने विशेष निगरानी व्यवस्था तैयार की है।
उन्होंने बताया कि जिले में क्विक रिस्पांस टीमों (क्यूआरटी) का गठन किया गया है। किसी भी क्षेत्र में जलजनित बीमारी के मामले सामने आने पर ये टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगी और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाएंगी। विभाग की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों पर भी नजर रखी जा रही है।
डॉ. पाठक ने बताया कि पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों वाले परिवारों को विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है। ऐसे परिवारों तक ओआरएस और जिंक की गोलियां उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बच्चों में दस्त की स्थिति में शरीर में पानी और आवश्यक लवणों की कमी को रोकना बेहद जरूरी है।
उन्होंने लोगों से बरसात के दौरान साफ और सुरक्षित पानी का इस्तेमाल करने की अपील की। पानी की शुद्धता को लेकर किसी तरह का संदेह होने पर उसे उबालकर पीने की सलाह दी गई है। साथ ही ताजा भोजन करने, खुले में रखे खाद्य पदार्थों से बचने और भोजन से पहले तथा शौचालय के बाद हाथ अच्छी तरह धोने को कहा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जलजनित रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों के साथ आम जनता की जागरूकता और सावधानी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार करने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।
सोलन : बरसात में जलजनित रोगों से निपटने को स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सोलन में क्विक रिस्पांस टीमें तैयार