सोलन में नशामुक्ति के लिए ब्रह्माकुमारीज का महाअभियान, 56 हजार लोगों ने लिया संकल्प

सोलन में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से नशामुक्ति को लेकर विशेष प्रतिज्ञा महाअभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से शुरू हुआ यह देशव्यापी अभियान 6 से 20 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में पिछले 31 वर्षों से सेवाएं दे रहे ब्रह्मा कुमार संजय ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, सरकारी एवं निजी कार्यालयों, सामाजिक संगठनों तथा परिवारों तक पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए संकल्प दिला रही हैं।
उन्होंने बताया कि सोलन के जवाहर पार्क स्थित मुख्य केंद्र और इसके अंतर्गत आने वाले विभिन्न सेवा केंद्रों के माध्यम से 7 अगस्त तक करीब 56 हजार लोग नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ले चुके हैं। अभियान 20 अगस्त तक जारी रहेगा।
ब्रह्मा कुमार संजय ने कहा कि किसी भी सकारात्मक कार्य की शुरुआत संकल्प से होती है। शुभ भावना और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ लिया गया संकल्प व्यक्ति को नशे जैसी बुराई से दूर रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सोलन सहित पूरे हिमाचल और देश को नशामुक्त बनाने में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। साथ ही मीडिया से भी नशामुक्ति के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *