हिमाचल परिवहन पेंशन कल्याण संगठन के सचिव जगदीश ठाकुर ने परिवहन पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर ताजा जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि संगठन के प्रतिनिधियों की मुख्यमंत्री के साथ सकारात्मक बैठक हुई, जिसमें पेंशनभोगियों की विभिन्न मांगों पर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जगदीश ठाकुर ने बताया कि परिवहन विभाग के करीब 8,500 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) अभी तक नहीं मिला है। बैठक में यह मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया गया, जिस पर उन्होंने तुरंत प्रबंध निदेशक को डीए की फाइल भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद 24 तारीख को प्रबंधन की ओर से फाइल भेज दी गई है। संगठन को उम्मीद है कि जल्द ही पेंशनर्स को 3 प्रतिशत डीए का लाभ मिल जाएगा।
बैठक में परिवहन पेंशनर्स के टीए-डीए और ओवरटाइम के लंबित भुगतान का मामला भी उठाया गया। मुख्यमंत्री ने संबंधित भुगतान से जुड़ा रिकॉर्ड मांगा। संगठन की ओर से बताया गया कि आवश्यक रिकॉर्ड मुख्य कार्यालय से प्राप्त होना है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रधान सचिव को निर्देश दिए कि एमडी के माध्यम से संबंधित फाइल मंगवाई जाए।
संगठन के अनुसार यह फाइल मुख्य कार्यालय से सोमवार तक भेजे जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने लंबित भुगतान को जल्द जारी करने का आश्वासन दिया है। संगठन के सचिव ने पेंशनर्स की मांगों पर त्वरित संज्ञान लेने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और उम्मीद जताई कि अन्य लंबित मांगों पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय होगा।
सोलन : परिवहन पेंशनर्स के 3 प्रतिशत डीए की फाइल भेजी, टीए-डीए भुगतान को लेकर भी मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश