सोलन सब्जी मंडी में इन दिनों टमाटर के दामों में मंदी का दौर जारी है। मंडी के दुकान नंबर 16 के व्यापारी भीम सिंह ठाकुर के अनुसार बाजार में नए टमाटर के भाव गुणवत्ता और वैरायटी के आधार पर तय हो रहे हैं। नया टमाटर 250 से 500 रुपये प्रति क्रेट तक बिक रहा है। मंडी में हिमसना वैरायटी की मांग अधिक है, जबकि हाइब्रिड टमाटर अपेक्षाकृत कम दाम पर बिक रहा है।
उन्होंने बताया कि देवटी क्षेत्र से आने वाला पुराना टमाटर भी कम कीमतों पर बिक रहा है। इसकी कीमत करीब 50 से 250 रुपये प्रति क्रेट तक है। इस टमाटर की मंडी में आवक शुरू हुए करीब एक से डेढ़ माह का समय हो चुका है।
व्यापारी के अनुसार बाजार में बिंगोर की आवक बढ़ने से टमाटर के दामों पर दबाव बना हुआ है। इसके अलावा हिमाचल के मंडी, करसोग समेत विभिन्न क्षेत्रों में टमाटर की पैदावार बढ़ने के साथ स्थानीय मंडियों में आवक भी बढ़ गई है। इससे बाजार में उपलब्धता अधिक होने के कारण कीमतों में तेजी नहीं आ पा रही है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में यात्रा के कारण भी बाजार की मांग प्रभावित हुई है। आने वाले दिनों में नासिक से टमाटर की आवक शुरू होने की संभावना है। ऐसे में व्यापारियों को फिलहाल कीमतों में किसी बड़े उछाल की उम्मीद नहीं है।
वहीं, मंडी में मिर्च के दामों में भी कुछ गिरावट दर्ज की गई है। बेहतर ट्रिपल ए ग्रेड की मिर्च करीब 10 से 70 रुपये तक बिक रही है।