ई20 पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहनों में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर सीपीआई (एम) की सोलन लोकल कमेटी ने केंद्र सरकार के समक्ष विरोध दर्ज कराया है। सोमवार को लोकल कमेटी के सचिव राकेश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधीश के माध्यम से प्रधानमंत्री और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री को ज्ञापन भेजकर ई20 ईंधन की स्वतंत्र जांच कराने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा की मांग उठाई।
राकेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देना आवश्यक है, लेकिन सरकार ने पर्याप्त तैयारी और व्यापक अध्ययन के बिना ई20 पेट्रोल को जल्दबाजी में लागू कर दिया। इसके कारण कई वाहन मालिकों को इंजन और अन्य तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि ई20 पेट्रोल से वाहनों पर पड़ रहे प्रभाव की स्वतंत्र और वैज्ञानिक संस्थाओं से जांच कराई जाए तथा उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। जांच पूरी होने तक उपभोक्ताओं को अपनी आवश्यकता के अनुसार सामान्य पेट्रोल, ई10 या ई20 में से किसी भी ईंधन का विकल्प उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।
सीपीआई (एम) ने यह भी आरोप लगाया कि ई20 पेट्रोल लागू होने के बावजूद इसकी कीमतों में अपेक्षित कमी नहीं आई है। पार्टी ने ईंधन के दाम घटाने और ई20 के इस्तेमाल से जिन वाहन मालिकों को नुकसान हुआ है, उन्हें उचित मुआवजा देने की भी मांग की है। राकेश कुमार ने कहा कि आम जनता की चिंताओं को देखते हुए यह ज्ञापन केंद्र सरकार को भेजा गया है।
सोलन : ई20 पेट्रोल पर उठे सवाल, सीपीआई (एम) ने प्रधानमंत्री और पेट्रोलियम मंत्री को भेजा ज्ञापन