सोलन जिले में नगर निगम सोलन, आर्मी पब्लिक स्कूल और एसडीएम कार्यालय कसौली को धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ तीनों स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
एसपी टी. साईं दत्तत्रेय वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ईमेल के स्रोत की गहन जांच की जा रही है। साथ ही आगामी 15 अगस्त के मद्देनजर जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। रात के समय गश्त बढ़ा दी गई है तथा विभिन्न स्थानों पर रैंडम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सेना के अधिकारियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है।
उन्होंने बताया कि स्कूलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित थाना प्रभारी स्वयं स्कूलों का दौरा कर रहे हैं और प्राचार्यों व शिक्षकों को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं। एसपी वर्मा ने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्वों से पहले असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं, लेकिन सोलन पुलिस 24 घंटे सतर्क है और हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।