क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को लेकर मरीजों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अस्पताल में जांच कराने पहुंचे मरीजों का आरोप है कि उन्हें सामान्य जांच के लिए भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इससे विशेषकर दूर-दराज से आने वाले मरीजों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किन्नौर निवासी वरिष्ठ नागरिक जगदीश चंद ने बताया कि उनका उपचार शिमला के चमियाना अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों ने उन्हें ब्लड और यूरिन जांच करवाने के निर्देश दिए थे, जिसकी रिपोर्ट लेकर उन्हें आईजीएमसी शिमला जाना है। इसी उद्देश्य से वह सुबह करीब 10 बजे क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचे और पर्ची भी बनवा ली, लेकिन लंबे समय तक उनकी जांच की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिलिंग प्रक्रिया में अत्यधिक देरी हो रही थी। पर्ची जमा करने के बावजूद भुगतान दर्ज नहीं हो रहा था, जिसके कारण जांच शुरू नहीं हो पाई। उनका कहना था कि जब तक शुल्क जमा नहीं होता, तब तक लैब में टेस्ट नहीं किए जाते, जिससे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
जगदीश चंद ने कहा कि सुबह से कई मरीज बिना भोजन और पानी के अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से व्यवस्था में सुधार करने और बिलिंग व जांच प्रक्रिया को सुचारू बनाने की मांग की, ताकि मरीजों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।