शहर के जोनाजी रोड पर सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब स्थानीय लोगों ने यातायात सुरक्षा को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। स्थानीय व्यापारी विजय दुग्गल ने कहा कि सड़क बनने से लोगों को राहत मिली है, लेकिन अब सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि सड़क के दोनों किनारों पर अवैध पार्किंग के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। कई बार सड़क संकरी हो जाने से जाम जैसी स्थिति बन जाती है। उन्होंने प्रशासन से नियमित रूप से चालान अभियान चलाने और सड़क पर अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विजय दुग्गल ने सड़क पर बढ़ती ओवरस्पीडिंग पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि नई सड़क बनने के बाद वाहन चालक तेज गति से वाहन चला रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में इसी मार्ग पर एक हादसा भी हो चुका है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और पैदल राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने स्थानीय लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने और नागरिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उनका कहना था कि यदि लोग स्वयं सड़क पर वाहन खड़े कर अव्यवस्था फैलाएंगे तो केवल प्रशासन को दोष देना उचित नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सुरक्षा उपायों को शीघ्र लागू कर सड़क को सुरक्षित और सुचारु यातायात के अनुकूल बनाया जाए।
सोलन : जोनाजी रोड पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग, अवैध पार्किंग और तेज रफ्तार पर जताई चिंता