सोलन में स्कूलों में चलेगा HPV टीकाकरण अभियान, 14-15 वर्ष की बच्चियों को लगेगी वैक्सीन

जिला स्वास्थ्य विभाग ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान को तेज करने का निर्णय लिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि अब विभाग स्कूलों में विशेष शिविर लगाकर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों का टीकाकरण करेगा। इस अभियान के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं।
डॉ. पाठक ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण एचपीवी संक्रमण है और इससे बचाव के लिए ‘गार्डसिल-4’ वैक्सीन लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन विश्व स्वास्थ्य संगठन से प्रमाणित है और पिछले कई वर्षों से दुनिया के अनेक देशों के साथ-साथ भारत के निजी क्षेत्र में भी सुरक्षित रूप से उपयोग की जा रही है। अब तक इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव सामने नहीं आए हैं।
उन्होंने अभिभावकों से सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से सावधान रहने की अपील की। उनका कहना है कि कुछ लोग बिना तथ्यों के गलत जानकारी फैलाकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। ऐसे में केवल स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा किया जाए।
सीएमओ ने बताया कि टीकाकरण से पहले अभिभावकों की सहमति ली जा रही है। स्वास्थ्य अधिकारी स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को वैक्सीन के महत्व की जानकारी भी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक करीब एक हजार बच्चियों का टीकाकरण किया जा चुका है और स्कूल खुलने के बाद अभियान को और गति दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *